ट्रेन से कटकर युवक ने की आत्महत्या
नजीबाबाद (बिजनौर)। पौड़ी गढ़वाल के एक युवक ने नजीबाबाद में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शनाख्त हुई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव घर ले गए।
शुक्रवार रात नजीबाबाद-जलालाबाद के बीच रेल लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक का शरीर दो हिस्सों में कटने के साथ क्षत विक्षत हो गया। सूचना मिलने पर जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। कपड़ों की तलाशी लेने पर मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान उत्तराखंड के जिला पौड़ी गढ़वाल के सतपुली सेन निवासी मोहनपुर के 26 वर्षीय पुत्र कुलदीप के रूप में हुई। जीआरपी की सूचना पर सतपुली से परिजन नजीबाबाद पहुंच गए। कुलदीप का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव के पास से बरामद सुसाइड नोट परिजनों को दिखाया। जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते उसके द्वारा आत्महत्या करने पर मजबूर होने की बात कही गई। परिजनों द्वारा मामले में कार्रवाई करने की बात कहते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव घर ले गए।