नगीना । एक किशोर की वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। गांव काजीपुर इम्मा निवासी छोटे ने बताया कि उसका 15 साल का बेटा मुस्तकीम साइकिल से नगीना बड़ी सब्जी मंडी पंजाबियान स्थित आसिफ की दुकान पर नाई का काम सीखने के लिए घर से जा रहा था। नगीना-बुंदकी मार्ग स्थित बाईपास तिराहे पर नजीबाबाद की ओर से वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में किशोर को नगीना सीएचसी पर लाए वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को वापस अपने घर ले गए। थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।