बिजनौर। प्रदेश में सरकार बदलते ही ब्लॉक प्रमुखों के खिलाफ शुरू हुई बीडीसी सदस्यों की बगावत रंग लाने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने हल्दौर, जलीलपुर व धामपुर ब्लॉक में प्रमुख पद के उपचुनाव के लिए तिथि घोषित कर दी है। चुनाव निर्धारित होते ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख व दावेदारों के खेमों ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।
यूपी की सत्ता भाजपा के हाथ में जाने के साथ ही बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुखों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। ब्लॉक प्रमुखों पर अनियमितता व घोटालों का आरोप लगाते हुए बीडीसी सदस्यों ने अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। सदस्यों के ज्ञापन पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में हल्दौर, जलीलपुर व धामपुर ब्लॉक प्रमुखों की कुर्सी चली गई थी। जलीलपुर ब्लॉक प्रमुख आबिदा खातून को अविश्वास प्रस्ताव में केवल आठ वोट मिले, जबकि 120 सदस्यों ने उनको हटाने के लिए वोट डाला था। धामपुर ब्लॉक प्रमुख मो. अकबर व हल्दौर ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज भी अविश्वास प्रस्ताव में अपनी कुर्सी गंवा चुके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने अब इन ब्लॉक में उपचुनाव की तिथि घोषित कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र संबंधित ब्लॉक में 12 से 14 जुलाई तक तीन बजे तक खरीदे जा सकते हैं। 14 जुलाई को 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। इसी दिन तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। 15 जुलाई को 11 से तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। 16 जुलाई को 11 बजे से तीन बजे तक मतदान व तीन बजे के बाद मतगणना होगी। हल्दौर ब्लॉक अनुसूचित जाति की स्त्री, जलीलपुर ब्लॉक स्त्री व धामपुर ब्लॉक पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।