बिजनौर में घंटाघर के पास उमड़ी भीड़।
- फोटो : BIJNOR
जिले में 286 और कोरोना संक्रमित मिले
बिजनौर। जनपद में शुक्रवार को 286 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनके साथ में 1665 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। जिले में रोजाना बहुतायत संख्या में कोरोना संक्रमित केस मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नए मरीजों में बिजनौर क्षेत्र से 58 लोग शामिल हैं। अब सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 2222 पर पहुंच गए हैं।
शुक्रवार को प्राप्त हुई कोरोना की कुल 1951 जांच रिपोर्ट में से 286 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनके साथ में 1665 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। जिले में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 7240 हो गई है। इनमें से अब तक 4948 मरीजों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है, जबकि 70 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 2222 पर पहुंच गए हैं। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार अब तक जिले से कुल चार लाख 34 हजार 807 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से कुल चार लाख 30 हजार 904 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से 7240 लोग कोरोना पॉजिटिव और चार लाख 23 हजार 664 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी हैं। वर्तमान में 3903 जांच रिपोर्ट लंबित हैं।
शनिवार को भी होगा टीकाकरण
बिजनौर। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार शनिवार को भी एंटी कोविड वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। टीकाकरण कार्यक्रम एवं कोविड-19 टीकाकरण अति आवश्यक सेवा में सम्मलित है तथा ये सेवाएं नियमित चलाने के लिए शनिवार को लॉकडाउन में भी टीकाकरण होगा। इसके लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव ने निर्देशित किया है। इस दौरान 45 वर्ष से ऊपर का कोई भी व्यक्ति अपनी नजदीक की स्वास्थ्य इकाई पर टीकाकरण करा सकता है।
मास्क न लगाने पर वसूला चार लाख का जुर्माना
बिजनौर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बिना मास्क लगाए घूमने वाले 497 लोगों का चालान किया गया। इस दौरान उनसे चार लाख दस हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।