25 हजार के इनामी आदिल को दबोचा
बिजनौर। एसटीएफ बरेली व बिजनौर पुलिस ने नागरिक संशोधन कानून को लेकर हुए बवाल के आरोपी 25 हजार के इनामी आदिल उर्फ चूहिया को दबोच लिया है। आदिल बवाल के बाद से फरार था।
नागरिक संशोधन कानून को लेकर 20 दिसंबर 2019 में जिलेभर में बवाल हुआ था। बिजनौर शहर में दुकानों में तोड़फोड़ आगजनी की गई थी। लोगों पर पथराव हुआ था। कुछ लोगों की समझदारी से शहर का माहौल खराब होने से बचा था। इस मामले में शहर कोतवाली में सात मुकदमे दर्ज किए गए थे। 50 से ज्यादा लोगों को पुलिस ने चालान किया था। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन जावेद आफताब, मौलवी फुरकान, मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी आदिल उर्फ चुहिया समेत तमाम लोगों पर हिंसा फैलाने, आगजनी, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने सहित कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों के चौराहों पर पोस्टर भी चस्पा किए गए थे। जावेद आफताब, फुरकान व आदिल पर 25 -25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आदिल उर्फ चुहिया पुलिस के हाथ नहीं आया था। वह कभी दिल्ली तो कभी किसी अन्य शहर में छिपता घूम रहा था। आदिल बिजनौर अपने घर आया था। एसटीएफ बरेली व शहर कोतवाली पुलिस ने उसे घर से दबोच लिया। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने आदिल को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।