अफजलगढ़ में खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्ति विभाग ने 250 अपात्र परिवारों के राशन कार्ड रद्द कर दिए। इनसे एक लाख 54 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के लिए चालान भी काटे गए। एआरओ ने अपात्रों को समय रहते राशन कार्ड सरेंडर नहीं करने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
गांव हीरापुर गोकल के ग्रामीणों ने तहसील दिवस में शिकायत देकर डीलर पर अपात्रों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ देने का आरोप लगाया था। पूर्ति विभाग ने शनिवार को गांव में राशन कार्डों की घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान टीम को 250 से ज्यादा परिवार अपात्र मिले। विभाग ने इनके राशन कार्ड कैंसिल कर एक लाख 54 हजार 93 रुपये जुर्माना वसूलने के लिए चालान भी काटे। टीम ने पाया कि ट्रैक्टर, वाहन, पक्का आवास रखने वालों के भी राशन कार्ड बना दिए गए। ये गरीबों के लिए चलाई जा रही योजना का लाभ उठा रहे थे।
इस दौरान ग्रामीणों ने राशन डीलर का चुनाव न होने पर जमकर हंगामा भी किया। उनका आरोप है कि राशन डीलर के चयन के लिए कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं गांव अभयराजपुर में भी काफी लोग अपात्र पाए गए। एआरओ के अनुसार बाबू, फूल सिंह, हनीफ, नरेंद्र, मुख्तियार, अनवार, रियासत,कय्यूम, अय्यूब आदि गलत ढंग से राशन ले रहे थे। एआरओ ने इनके विरूद्घ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दे दी है। एआरओ महेश गौतम का कहना है कि अपात्रों को राशन देने पर डीलरों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।