झालू में दूसरे दिन भी तैनात रही पुलिस
झालू में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। शुक्रवार को भी कस्बे में पुलिस मौजूद रही। पुलिस संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।
बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में हड़कंप
शामिक हत्याकांड को लेकर ही झालू के पड़ोसी गांव त्रिलोकपुर में पुलिस बुलडोजर लेकर पहुंच गई। जिससे ग्रामवासियों में हड़कंप मच गया। पुलिस शाम चार बजे दोबारा दबिश देकर कार्रवाई करने की चेतावनी देकर लौट गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर शाम भी गांव त्रिलोकपुर में दबिश दी। लेकिन घर में महिलाएं ही मिली। बताया जा रहा है कि त्रिलोकपुर का रहने वाला एक युवक पुलिस की रडार पर है। जिसे यश का साथी बताया जा रहा है।
फोन घर पर ही छोड़ गया था हत्यारोपी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या में नामजद कराया गया आरोपी यश अपना मोबाइल घर ही छोड़ गया था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद घर पहुंचा और भागने से पहले मोबाइल और बाइक घर ही छोड़ दी। जिससे पुलिस लोकेशन के आधार पर तलाश नहीं कर पाए। यह भी बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी पास के ही जंगल में नलकूप पर गया था। वहीं रचित के संग रहने वाले कई युवक भी अपने घरों से फरार हैं। इन्होंने भी अपने मोबाइल घर ही छोड़ दिए हैं।
दिनेश सिंह, एसपी
शामिक हत्याकांड में आरोपी यश और उसके साथी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया जा चुका है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।