जर्जर हाईटेंशन लाइन हादसों को बनी सबब
भागूवाला/नजीबाबाद। भागूवाला में जर्जर हाईटेंशन लाइन हादसे को दावत दे रही है। विद्युत लाइन के ढीले व टूटे तार ग्रामीणों की छतों के ऊपर झूल रहे हैं। उच्च क्षमता के तार घरेेलू लाइन से टकराकर फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं, संपर्क मार्ग पर लटके उच्च क्षमता के तार में वाहन उलझकर वाहन चालकों के लिए परेशानी बने हैं। भागूवाला बिजलीघर को पूर्व में 132 केवी बिजलीघर से 33 हजार हाईटेंशन लाइन से विद्युत आपूर्ति दी जाती थी। बरकातपुर शुगर मिल द्वारा भागूवाला बिजलीघर को विद्युत आपूर्ति दी जाने के बाद नजीबाबाद से बंद कर दिया गया। बंद पड़ी विद्युत लाइन से चोरों ने तार चोरी कर लिए। जिससे हाईटेंशन लाइन ढीली पड़ गई। घरेलू लाइन पर आए दिन हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिरने से हादसे के अंदेशे से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों राजेंद्र सिंह, मुस्तकीम, सलमान, बुधप्रकाश, निमिश गुप्ता, शमशाद, असगर, असलम आदि का कहना है कि विद्युत निगम से कई बार बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। भागूवाला में संपर्क मार्ग पर गुजरने वाले वाहन भी ढीली पड़ी हाईटेंशन लाइन में उलझकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से उच्च क्षमता की लाइन हटवाने की मांग की है।