विकास के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास
बिजनौर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में विकास के सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थापना के लिए जमीन तलाशने का प्रस्ताव पास हुआ। टाउन हॉल में चेयरपर्सन रुखसाना परवीन की अध्यक्षता व ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी के संचालन में हुई बैठक में पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आय व्यय के लेखों का अनुमोदन, नगर में अलाव जलाने, कंबल व लिहाफ बांटने, चार रिक्शा स्टैंड का निर्माण करने, हरिहर मंदिर के पास चार दुकानों की प्रीमियम नीलामी, नजीबाबाद बस स्टैंड के निकट पट्टे की भूमि की समय वृद्धि, प्रदर्शनी मैदान व जलकल कंपाउंड में 20 दुकानों के निर्माण सहित विकास के 42 कार्यों को सर्वसम्मति से पास किया गया। डीएम आवास के पास पार्क निर्माण को भी मंजूरी मिली। चेयरपर्सन पति शमशाद अंसारी ने बताया कि बैठक में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता पर रखा गया है। बोर्ड की बैठक में सभासद कृष्ण गोपाल आर्य के हस्ताक्षर रजिस्टर पर थे। लेकिन वे मौजूद नहीं थे। इसका कुछ सभासदों ने विरोध किया। शमशाद अंसारी ने बताया कि वे हस्ताक्षर करके किसी काम से चले गए हैं। इस पर बाकी सदस्य शांत हुए।