विद्युत आपूर्ति ठप करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
धामपुर (बिजनौर)। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संघ के सदस्यों ने मुरादाबाद मंडल विद्युत पारेषण के एसई को चेतावनी दी है कि यदि 26 जुलाई को तीन बजे तक जेई प्रमोद कुमार का स्थानांतरण रद्द नहीं किया गया तो जिले की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी जाएगी।
बुधवार को जिले भर के अवर अभियंता 10 बजे धामपुर के 132 केवीए बिजलीघर पर एकत्र हुए और एसई पारेषण मुरादाबाद के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि जून माह में नगीना के बिजलीघर से हुई चोरी के मामले में एसई पीके मित्तल ने बिजलीघर पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड का तो जिले से बाहर स्थानांतरण नहीं किया। बल्कि बिजलीघर पर तैनात जेई प्रमोद कुमार का गजरौला के लिए तबादला कर दिया। जेई का तबादला निरस्त करा जिले के किसी भी बिजलीघर पर किए जाने की मांग के लिए वे तीन दिन से धरना दे रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बुुधवार को प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 26 जुलाई बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे तक जेई प्रमोद कुमार तबादले को निरस्त नहीं किया गया तो वह मोबाइल फोन में पड़ा विभागीय सिम डिवीजन के एक्सईएन को सौंपकर आंदोलन तेज करेंगे। मांग पूरी न होने पर जिले की बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाएगी। इस दौरान देवेंद्र कुमार यादव, सतीश राणा, राहुल मौर्य, रनजीत सिंह मौर्य, बीएल वर्मा, हरीश कुमार, राकेश कुमार, मितेश कुमार आदि मौजूद रहे।
बिजली आपूर्ति बाधित की तो डीएम से करेंगे शिकायत
एक्सईएन धामपुर निखिल मेहरोत्रा का कहना है कि इस मामले में उनका कोई लेनादेना नहीं है। जेई का स्थानांतरण एसई मुरादाबाद पीके मित्तल ने किया है। वह कई बार एसई को यहां के हालत के बारे में अवगत करा चुके है। यदि किसी ने बिजली आपूर्ति बाधित करने का प्रयास किया तो डीएम से शिकायत की जाएगी। क्षेत्र के बिजलीघरों पुलिस-प्रशासन के हवाले कर दिया जाएगा।
जेई का स्थानांतरण रद्द करना मुख्य अभियंता के हाथ में
एसई मुरादाबाद पीके मित्तल का कहना है कि उन्होंने प्रशासनिक हितों को देखते हुए जेई का स्थानांतरण किया है। वह स्वयं अब अपनी कलम से किए स्थानांतरण को निरस्त नहीं कर सकते हैं। प्रकरण के बारे में मुख्य अभियंता मेरठ को अवगत करा दिया गया है। मुख्य अभियंता ही ऐसे में जेई के ट्रांसफर रद्द कर सकते हैं।