रजबपुर। घरौट गांव में शनिवार को लोगों ने जलभराव से परेशान होकर प्रदर्शन किया। इन्होंने गांव में कीचड़ जमा होने और साफ सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया। शनिवार को घरौट गांव की दलित बस्ती के लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षो से सफाई कर्मी उनके मोहल्ले में सफाई करने नहीं आता है। जिससे रास्ते से लेकर उनके घरों तक में गंदा नाली का पानी भर जाता है। वहीं नाली साफ नहीं होने से कीचड़ रास्तों में फैल जाता है। कीचड़ भरे रास्ते से निकलना मुश्किल है। मौके पर पहुंची पीआरवी ने लोगो को समझाकर शांत किया। ग्राम प्रधान काविन्द्र सिंह का कहना है कि सफाई कर्मी विकलांग है। उसके बावजूद भी सफाई करने वह आता है। गंदगी का मुख्य कारण दीवार के सहारे मिटटी के पुस्ते बना रखे हैं। जिससे नालियों मे पानी रूक कर रास्ते पर भर जाता है। पानी की निकासी की समस्या के लिए ब्लॉक स्तर पर मांग की गयी है। वहीं सीसी रोड के लिये भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है। प्रदर्शन करने वालों में छज्जू सिंह, होशियार सिंह, जितेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, महीपाल, नन्हे, रिंकू, कपिल, महेश आदि शामिल रहे।