समस्या निराकरण के लिए चेयरपर्सन से मिला प्रतिनिधिमंडल
जलालाबाद । जलालाबाद सोशल वेलफेयर ग्रुप ने क्षेत्र में बाधित जलापूर्ति सुचारु कराने और मच्छरों के प्रकोप से निजात दिलाने के लिए कीटनाशक का छिड़काव करने की मांग उठाई।
सोशल वेलफेयर ग्रुप का एक प्रतिनिधिमंडल चेयरपर्सन सायरा अंसारी से मिला। कार्यकर्ताओं ने चेयरपर्सन को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया गया कि क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या काफी समय से है। जो पानी मिल पा रहा है, वह भी दूषित है। सभासद लियाकत अंसारी की उपस्थिति में मिले प्रतिनिधिमंडल ने रमजान माह शुरू होने से पहले जलापूर्ति की स्थिति में सुधार की मांग की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में मक्खी-मच्छर का प्रकोप भी काफी बढ़ गया है। लोग बीमार हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की बेहतर सफाई के साथ प्रमुख स्थानों और नालियों पर कीटनाशक का छिड़काव कराने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अलीम खान, आफताब आलम, शहबाज, तनवीर, तंजील, एहतेशाम, विशाल, नजम खां, फसीह, नबीर आलम, अरशद, इमरान आदि शामिल रहे। चेयरपर्सन ने बताया कि जनपद में चुनाव आचार संहिता लगी होने के कारण खराब ट्यूबवेल रिबोर नहीं करा पा रहे हैं। जलापूर्ति की समस्या के निराकरण के संबंध में डीएम कार्यालय को फाइल भेजी जा चुकी है। उन्होंने फागिंग मशीन खराब होने के कारण कीटनाशक छिड़काव न हो पाने की बात कही।