रेहड़ (बिजनौर)। गांव मानियावाला में निर्माणाधीन शौचालय के टैंक में गिरकर एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी तहसीम अहमद ने बताया कि उनका चार वर्षीय पौत्र अब्दुल रहमान पुत्र नदीम घर के आंगन में खेल रहा था। घर के बगल में ही खाली पड़ी जमीन में शौचालय के टैंक का निर्माण चल रहा था। वह आधा अधूरा बना हुआ था। शौचालय के टैंक में लबालब पानी भरा था। मंगलवार दोपहर बच्चा खेलता हुआ निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे के पास चला गया। शौचालय के टैंक में भरे पानी से खेलता हुए बच्चा अंदर गिर गया। उसके गिरने की किसी को भनक नहीं लगी। जब काफी देर तक बच्चे का कुछ पता नहीं लगा तो परिजन परेशान हो गए। उसकी ढूंढ होने लगी। काफी देर तक इधर उधर तलाशने के बाद देखा तो बच्चा टैंक की तली में नीचे पड़ा हुुआ था। उसे आनन फानन में पानी में कूदकर बाहर निकाला गया। उसके पेट में बुरी तरह से पानी भर चुका था। परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मचा है। भाई के मरने से इकलौती मासूम बहन भी सब कुछ उजड़ गया। परिजनों के अनुसार बच्चे का पिता नदीम सऊदी में रहता है। उसके दो बच्चे थे। अब्दुल रहमान को नम आंखों से कब्रिस्तान में दफना दिया गया। बच्चें के चले जाने से परिवार रोते रोते बुरा हाल हो गया।