शाम छह बजे से सुबह तक मांगी बिजली
अफजलगढ़। विद्युत निगम की ओर से देहात में शाम के समय विद्युत आपूर्ति गायब कर देने से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि बार-बार अवगत कराने के बाद भी अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैैं। यदि जल्द ही शाम के छह बजे से सुबह छह बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन होगा।
गौरव कुमार, करन सिंह, सुनील कुमार, नरेंद्र कुुमार सिंह का कहना है कि शाम को छह बजे से रात 11 बजे तक और सवेरे दो बजे से छह बजे तक छात्रों को बिजली अवश्य मिलनी चाहिए। बिजली नहीं आने से छात्रों को केरोसिन की लैंप के सहारे पढ़ाई करनी पड़ रही है। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 6 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। वहीं, अभिभावक सुनील शर्मा, विजय कुमार, मुस्तकीम अहमद, अतीक अहमद, राजीव कुमार, रफीक, मजीद, बलवंत, डालचंद ने शेड्यूल के मुताबिक बिजली देने की मांग की है। उधर, एक्सईएन अमित कुमार सक्सेना का कहना है कि वह इसमें कुछ नहीं कर सकते हैं, जितनी बिजली सरकार की ओर से दी जा रही है, उसकी आपूर्ति की जा रही है।