बाजीदपुर, बीरू में विकास के कई प्रस्ताव पारित
अमर उजाला ब्यूरो
नींदडू़।
वित्त वर्ष 2018-19 के विकास कार्यों के लिए संपन्न खुली बैठक में आवास, मनरेगा, ओडीएफ, जीपीडीपी बिंदुओं के तहत कई प्रस्ताव पारित किए गए। पंचायत में स्वीकृत बजट का 50 प्रतिशत सरकारी संपत्तियों के रखरखाव पर व्यय किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को बाजीदपुर-बीरू ग्रामपंचायत की खुली बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वेक्षित एवं प्रस्तावित 31 आवासों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई। 07 अन्य व्यक्तियों के नाम शामिल करने का निर्णय मौके पर जांच के बाद लिया जाएगा। मनरेगा 2018-19 के श्रम बजट के तहत भूमि का समतलीकरण, चकरोड, कच्चे मार्ग, नालों का निर्माण, मुल्लावाली तालाब का सुदृढ़ीकरण एवं उसमें मत्स्य पालन आदि कार्य कराए जाएंगे।
विकास अधिकारी के अनुसार पंचायत पूरी तरह ओडीएफ है, कोई खुले में नहीं जाता तथा पंचायत में बने सभी 54 शौचालय विधिवत कार्य कर रहे हैं। ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के लिए आरसीसी मार्ग, पुलियों का निर्माण व चैनल लगाने जैसे कार्य कराए जाने को स्वीकृति दी गई। स्वीकृत बजट का 50 प्रतिशत सरकारी भवनों आदि के रखरखाव में खर्च किया जाएगा। प्रधान रफत जहां की अध्यक्षता एवं ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार के संचालन में हुई बैठक में हाजी अनीस अहमद, तौफीक अहमद, इसरार अहमद, संतरी देवी, नईमा खातून, अफजाल अहमद, अबरार अहमद, गंगाराम, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।