पूर्ति निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए धरना जारी
धामपुर(बिजनौर)। सरकारी आवास आवंटन को लेकर नायब नाजिर भूपेंद्र सिंह और पूर्ति विभाग के निरीक्षक आदित्य त्यागी के बीच हुई मारपीट को लेकर गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। तहसील के कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने आरोपी पूर्ति निरीक्षक की गिरफ्तारी, निलंबन की कार्रवाई की मांग को लेकर बुुधवार को दूसरे दिन भी धरना दिया है।
कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की तहसील इकाई के अध्यक्ष के नेतृत्व में कर्मचारी 10 बजे तहसील पहुंचे। चार दिन बीतने के बाद भी नायब नाजिर के साथ मारपीट के आरोपी पूर्ति निरीक्षक पर पुलिस कार्रवाई न होने पर असंतोष जताया और धरने बैठ गए। उन्होंने डीएम से निरीक्षक पर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उधर, नायब नाजिर के समर्थन में चल रहे आंदोलन को लेखपाल संघ और अमीन संघ ने भी समर्थन देने की घोषणा कीहै। इस दौरान पुष्पेंद्र, मुनेश, हरिराज, सुभाष सिंह, हरिकृष्ण, सुधीर कुमार, पुनीत कुमार, उदल सिंह, रमेश सिंह, राजकुमार, लोकेंद्र सिंह, नरेंद्र कुमार, श्याम सिंह, दयाराम सिंह, योगेश कुमार आदि रहे।
हिंदू जागरण मंच ने दिया पूर्ति निरीक्षक को समर्थन
पूर्ति निरीक्षक के समर्थन में बुधवार के स्योहारा हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम और सीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आवास आवंटन में गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए नायब नाजिर के खिलाफ पुलिस और विभागीय कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने एसडीएम और सीओ को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्ति निरीक्षक ने 12 अगस्त को आवास आवंटन के लिए नायब नाजिर को प्रार्थना पत्र दिया था। पर नायब नाजिर ने जानबूझकर रिश्वत मिलने की नीयत से आवास नहीं दिया। आवास आवंटन में नायब नाजिर ने भयंकर घोटाला कर रखा है। एसडीएम से जांच कर नायब नाजिर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान नरेश, जगतवीर त्यागी, यश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, आशुतोष, दीपक चौहान, अमर सिंह, दिनेश, सरोजदेवी, बलवंत, मोहन रहे।
पूर्ति निरीक्षक का चांदपुर तबादला
नहटौर क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक आदित्य त्यागी का डीएसओ द्वारा चांदपुर के लिए स्थानांतरण कर दिया है। इनकी जगह अभी और किसी की तैनाती नहीं हुई है।