हल्दौर। गांव शरीफपुर नहर व करनपुर गावड़ी के जंगल से चोर 35 विद्युत खंभों की लाइन के तार चुरा ले गये। तार की कीमत चार लाख रुपये बताई गई है। ठेकेदार ने मामले की तहरीर थाने पहुंचकर पुलिस को दी है।
गांव पैजनियां बिजलीघर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्युत योजना के अंतर्गत क्षेत्र के 15 गांवों को विद्युत आपूर्ति दिलाने के लिए नई विद्युत लाइन खींची जा रही हैं। एक लाइन गांव शरीफपुर की नहर की पुलिया से गांव तहारपुर की ओर खींची गई। इस लाइन में 18 विद्युत खंभों पर हाईटेंशन तार खींचा गया था। जबकि करनपुर गावड़ी से गांव पिलाना मार्ग पर 17 खंभे गाड़े गये थे। इन खंभों पर भी तार खींच दिये गये थे। चोर उक्त दोनों विद्युत हाईटेंशन लाइनों से तार खोलकर चुरा ले गये। क्षेत्र के गांव शाहनगर निवासी ठेकेदार सुरेंद्र सिंह ने मामले की तहरीर थाने पहुंचकर मामले की तहरीर थाने पहुंचकर पुलिस को दी है। ठेकेदार के अनुसार चोर करीब चार लाख रुपये का तार चोरी कर ले गये। उधर थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार गौड़ का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।