कादराबाद। गांव हिदायतपुर चौहड़वाला में आधा दर्जन गांवों को जोड़ने वाली मुख्य मार्ग की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से गांववासी परेशान हैं। गांव चौहड़वाला से मीरापुर, भिक्कावाला, कल्लूवाला, कालागढ़, मीरापुर साउथ को जाने वाले मुख्य मार्ग की पुलिया दोनों ओर से दूर तक क्षतिग्रस्त है। पुलिया का लिंटर भी जर्जर हालत में है। भारी वाहन गुजरने से लिंटर कभी भी धराशाई हो सकता है। मार्ग के दोनों साइड का खड़ंज्जा गायब हो चुका है। मार्ग से गुजरने में किसानों को भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। पशुओं चारे के लिए भी किसानों को पैदल खेत पर जाना पड़ रहा है। गन्ने की भी ढुलाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीण बबलू, महेश, अफसर, पाकेश, गेंदा, देवेंद्र, विकास, रामपाल आदि का आरोप है कि कई बार लोनिवि से पुलिया बनाने की सिफारिश की जा चुकी है। परंतु गांववासियों की शिकायत को लोनिवि गंभीरता से नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि से शीघ्र पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। जेई सुभाष सिंह का कहना है प्रोजेक्ट तैयार है और पैसा आते ही कार्य प्रारंभ कराकर किसानों की समस्या का समाधान होगा।