बिजनौर। शिया समाज के लोगों ने गांव मेमन सादात में मोहर्रम पर निकलने वाले जुलूस के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद के मामले में सीओ नजीबाबाद पर एक तरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। बृहस्पतिवार को शिया समाज के लोग एकत्रित हुए और कलक्ट्रेट पहुुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम अटल कुमार राय को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि किरतपुर क्षेत्र के गांव मेमन सादात में शिया समाज द्वारा मोहर्रम के दौरान मात मनाया जाता है। लोग अपने घरों व जुलूस के रास्तों पर काले झंडे, बैनर लगाते हैं। गांव में यह परंपरा करीब 800 साल पुरानी है। आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोगों ने इस पर आपत्ति करते हुए सीओ नजीबाबाद से शिकायत की। आरोप है कि सीओ एक तरफा कार्रवाई कर रहे हैं। शिया समाज की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। डीएम से मिलने वालों में सैयद विसाल मेहंदी, रियाज हुसैन जैदी, अब्बास उर्फ शब्लू, इसरार जैदी, कलीम असगर, फैयाज हुसैन आदि मौजूद रहे।