क्रांति यात्रा को सफल बनाने की अपील
नगीना। भाकियू के जिलाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने रायपुर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्रांति यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। रविवार दोपहर रायपुर देहात की नवीन उपमंडी समिति में आयोजित किसान यूनियन की बैठक में उन्होंने कहा कि क्रांति यात्रा 23 सितंबर को हरिद्वार स्थित चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत घाट से शुरू होकर दो अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेगी। यहां धरना प्रदर्शन के बाद यात्रा का समापन होगा। जिले से हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से दिल्ली के लिए कूच करेंगे। रायपुर देहात से 500 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक को यूनियन के तहसील अध्यक्ष चौधरी वीर सिंह, सरदार बलिहार सिंह, ओमपाल सिंह, ठाकुर महिपाल सिंह, जयपाल सिंह, कूड़े सिंह सैनी, ठाकुर गजेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता कर्मवीर सिंह, संचालन देवेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह ने किया।