धामपुर (बिजनौर)। गांव चकशहजानी के पास हाइवे पर दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में 24 यात्री घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मामूली रूप से चोटिल लोगों को दूसरे वाहनों से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। एक यात्री की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया है। पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर जब धामपुर से प्राइवेट बस सवारियां भरकर नगीना की ओर से जा रही थी, तो हाइवे 74 पर गांव चक शहजानी के पास सामने से तेज गति से आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से टकरा गई। प्राइवेट बस हाइवे किनारे गड्ढे में पलट गई। जब हादसा हुआ तो बसों में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान लोगों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दे दी गई। कुछ ही देर के बाद मौकेपर पहुंची पुलिस ने पलटी प्राइवेट में फंसे यात्रियों को शीशे तोड़ कर बाहर निकाला। हादसे के दौरान उत्तराखंड डिपो की बस पलटने से बच गई। उत्तराखंड बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से प्राइवेट बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों में गांव भगौता के हिमांशु, मटौरामान धामपुर के शोकीन अहमद, कोटकादर नगीना , नगीना के बूंदू, इनायतपुर के विनोद कुमार शामिल हैं। इनमें से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गांव भगौता के हिमांशु जो गंभीर है, उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
कंट्रोल करने के बाद भी पलट गई
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब दोनों बसों की आपस में टक्कर हुई तो प्राइवेट बस के चालक ने बस को संभालने का प्रयास किया, पर मार्ग पर कीचड़ होने से बस नियंत्रित नहीं हो सकी और मार्ग किनारे जाकर पलट गई। कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से हाइवे 74 पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। मार्ग में बड़े गड्ढों के बनने से हादसे का हमेशा खतरा बना रहता है। राहगीर भी परेशान हैं।