बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय के निरीक्षण में विकास भवन के 15 अधिकारी व कर्मचारी लापता मिले। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने मंगलवार शाम साढ़े चार बजे विकास भवन का निरीक्षण किया। डीएम के निरीक्षण में जिला उद्यान अधिकारी आरके सक्सेना, समाज कल्याण विभाग की चंद्रप्रभा व कनिष्ठ सहायक रोहित शर्मा, हृदेश कुमार, जिला नगरीय विकास अभिकरण के सतीश चंद्र, सीएमएम सोनिका चौधरी, भूमि संरक्षण कार्यालय के अशोक कुमार, सैय्यद अजहर अहमद, नेडा के एसके सिंह, डीपीओ कार्यालय के जोगराज सिंह रहे। कनिष्ठ सहायक रामनाथ सिंह 18 अप्रैल से अनुपस्थित हैं। पत्रवाहक राजेश्वरी देवी 29 व 30 अप्रैल, चपरासी प्रेमलता एक व दो मई, कामेंद्र सिंह एक, पांच व सात मई को अनुपस्थित मिले। डीएम ने एक्सईएन आरईएस के कनिष्ठ सहायक आनंद पाल द्वारा कर्मचारियों के जीपीएफ पासबुक में ब्याज न लगाने तथा दिलशाद अहमद व अशोक कुमार की सेवा का सत्यापन 2010 से नहीं कराने पर आनंद पाल की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए हैं।
सभी ट्रांसफार्मरों की हो चारदीवारी:डीएम
बिजनौर। डीएम ने विद्युत निगम के अधिकारियों को खुले व सार्वजनिक स्थलों पर रखे सभी ट्रांसफार्मरों की चारदीवारी कराने के निर्देश दिए। डीएम ने मासिक समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को चेताया। कहा कि लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि शासन विकास के प्रति गंभीर और संवेदनशील है तथा विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है। विद्युत निगम के अधिकारियों को ट्रांसफार्मरों की चारदीवारी कराने, जर्जर तार बदलवाने के निर्देश दिए। डीएम ने लोनिवि के अधिकारियों को सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने व वन विभाग के अधिकारियों को पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित जिन विभागों के विभागीय लक्ष्य शत प्रतिशत पूरे नहीं हुए थे व इस बार लक्ष्य पूरा करें। ऐसा न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन को लिखा जाएगा। बीएसए को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवनों की सूची ब्लॉक वार भिजवाने के निर्देश दिए। जिला गन्ना अधिकारी को समय से गन्ना भुगतान दिलाने, सिंचाई विभाग के अभियंता को नहरों में पानी छोड़ने के निर्देश दिए। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को बरसात से पहले सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी, सीएमओ राकेश मित्तल, परियोजना निदेशक सीपी श्रीवास्तव, डीआईओएस राजेश कुमार, उप निदेशक कृषि जेपी चौधरी आदि अधिकारी मौजूद रहे।