जिले में नहीं चलने देंगे फिल्म पद्मावत
किरतपुर/चांदपुर। पूरे देश में विवादों से घिरी हिंदी फिल्म पद्मावत की रिलीज का हिंदू युवा वाहिनी ने विरोध किया है। कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन चौक पर फिल्म के डायरेक्टर संजय लीला भंसाली का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को ज्ञापन देकर जिले भर में फिल्म के रिलीज होने पर रोक लगाने की मांग की है।
सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन चौराहे पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए संजय लीला भंसाली का पुतला फूंका और फिल्म के रिलीज होने पर रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर एक ज्ञापन कार्यवाहक थाना प्रभारी लव सिरोही को सौंपा। जिसमें कहा गया कि जिले के सिनेमाघर पद्मावत फिल्म को नहीं दिखाएं, यदि फिल्म दिखाई गई तो किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी सिनेमाघर मालिकों एवं प्रशासन की होगी। इस दौरान योगेंद्र राजपूत, अंशुल राजपूत, अवनीश चौहान, राजीव त्यागी, मुकुल राजपूत, नीरज तोमर, सचिन चौहान, सुमित तोमर, पीयूष कर्णवाल आदि रहे।
उधर, चांदपुर में क्षत्रिय महासभा राजपूत समाज ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। फिल्म का पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया। ज्ञापन में फिल्म पद्मावत को उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित करने की मांग की है। इस दौरान अतुल चौहान, रितेश बहादुर, सुदर्शन कुमार, आशाराम, संजीव कुमार, विपिन कुमार, हर्ष कुमार आदि मौजूद रहे।