बिजनौर। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर ब्लाक कार्यालय पर ढाई घंटे तक तालाबंदी की तथा सीएम को संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार को सौंपा है। समिति ने मांग पूरी नहीं होने पर पांच सितंबर को प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर ग्राम रोजगार सेवक अधिकार जागरूकता रैली निकालने का एलान किया है।
समिति के ब्लाक अध्यक्ष चेतन सिंह के अनुसार विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल के रोजगार सेवक सुबह 10 बजे ब्लाक पर इकट्ठा हुए। अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। रोजगार सेवकों ने ब्लॉक के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। रोजगार सेवक इसके बाद धरने पर बैठ गए। धरना दोपहर 12.30 बजे तक चला। ज्ञापन में पंचायत सहायकों की भर्ती पर रोक लगाने, रोजगार सेवकों को ग्राम पंचायतों के दायरे से बाहर निकालने, मानदेय भुगतान के लिए अलग से बजट आवंटित करने, रोजगार सेवकों को नियमित करके राज्य कर्मचारियों का दर्जा देने आदि नौ मांग की गई हैं।