खेल विकास गतिविधियों के लिए दिए 20 लाख रुपये
बिजनौर, नजीबाबाद। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने डीएम से नजीबाबाद नगर क्षेत्र में पार्क विकसित करने के संबंध में पत्र सौंपा। पार्क में खेल विकास गतिविधियों के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये भी देने की घोषणा की। उधर मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल गतिविधियां शुरू करने की कवायद रंग लाने लगी हैं।
नगरपालिका परिषद के अंतर्गत रामपुर बनवारी मौजा के मोहल्ला वाहिदनगर क्षेत्र में 19.50 बीघा जमीन में क्षेत्रीय सपा विधायक हाजी तसलीम अहमद ने डीएम रमाकांत पांडेय से मिलकर नगर हित में पार्क विकसित कराने की मांग की है। विधायक ने डीएम को इसके लिए विधायक निधि से 20 लाख देने की भी घोषणा की है। उधर रामपुर बनवारी मौजा क्षेत्र में ही राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम को खेल उपयुक्त बनाने और स्टेडियम निर्माण के संबंध में कार्रवाई की प्रगति के संबंध में डीएम ने एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी है। समाजसेवी डॉ. राखी अग्रवाल और संघर्ष समिति के संयोजक जफर जैदी ने उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह के समक्ष मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम चाहरदीवारी में लगे ताले खुलवाने, मैदान को खेलों के उपयुक्त बनाने की मांग की थी। डॉ. राखी अग्रवाल ने मैदान को खेल उपयुक्त बनाने का मुद्दा डीएम रमाकांत पांडेय के सामने सोमवार को प्रमुखता के साथ उठाया था। उपजिलाधिकारी बृजेेश कुमार सिंह ने तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को प्रकरण में कार्रवाई के निर्देश देते हुए राजकीय इंटर कॉलेज प्रशासन को वार्ता के लिए आमंत्रित करने को कहा।