पारदर्शिता के साथ करें शिकायतों का निस्तारण
नजीबाबाद। सीडीओ प्रवीण मिश्रा ने संपूर्ण समाधान दिवस में आईं शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका निस्तारण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में आई कुल शिकायतों में से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील के ड्वाकरा हॉल में तहसीलदार राधे श्याम शर्मा, नायब तहसीलदार राजीव यादव की उपस्थिति में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण मिश्रा और एसपी सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में आईं शिकायतों को सुना। मंगलवार को संत रविदास जयंती अवकाश होने पर बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस में अपेक्षाकृत कम फरियादी पहुंचे। सीडीओ प्रवीण मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा अनुरूप संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले फरियादी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ निस्तारण करने में संबंधित अधिकारी पूरी निष्ठा और लगन से काम करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का पक्षपात तरीके से निस्तारण और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बार संघ के पूर्व संयुक्त सचिव देव प्रताप सिंह ने नजीबाबाद-किरतपुर के खस्ताहाल हाईवे का मामला उठाया। उन्होंने जलालाबाद आजाद चौक, जलाबाबाद नहर, दाऊदपुर, हुसैनपुर, भनेड़ा के सामने हाईवे के खतरनाक गड्ढों में फंसकर आए दिन दुर्घटना होने का जानकारी देते हुए हाईवे को गड्ढामुक्त कराने की मांग उठाई। समाधान दिवस में कुल 31 शिकायतों में से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व की आठ, पुलिस की चार, विकास की आठ, समाज कल्याण की एक और अन्य विभागों की 10 शिकायतें दर्ज हुईं।