घटतौली पर कार्रवाई न होने से भड़के किसान
नजीबाबाद। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली पकड़ जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसानों ने दो टूक कहा कि गन्ना क्रय केंद्रों की घटतौली पर कार्रवाई नहीं की तो किसान उग्र आंदोलन करेेंगे। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसान शांत हुए।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अचल शर्मा, मंडल प्रभारी महिपाल तोमर के नेतृत्व में किसान तहसील पहुंचे। विभिन्न समस्याओं लेकर किसान अरविंद सिंह की अध्यक्षता में धरने पर बैठ गए। बरकातपुर चीनी मिल से जुड़े एक गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली पकड़े जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। एसडीएम के घटतौली पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसान शांत हुई। किसानों ने एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने वर्तमान पेराई सत्र में गन्ने का भुगतान 14 दिनों के भीतर करने, गन्ना क्रय केंद्र के तौल कांटों की घटतौली रोकने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार किसानों की फसल का दाम लागत से डेढ़ गुना देने, 60 वर्ष आयु किसान-मजदूरों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने, किसानों का बिजली बिलों पर लगा संपूर्ण सरचार्ज माफ करने, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने, सीमांकन कराकर गौसपुर के किसानों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने तथा बरकातपुर चीनी मिल में कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार नियमित करने की मांगें उठाईं। मलखान सिंह के संचालन में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कैलाश लांबा, होरी सिंह, अमित कुमार, अनिल कुमार, मुकेश, शाकिर, सोमपाल, कुशलपाल, मांगे सैनी, कपिल कुमार अंबरीश सहित अनेक किसान मौजूद रहे।