तौल कांटों की होगी त्रिस्तरीय जांच
बिजनौर। गन्ना खरीद केंद्रों पर हो रही घटतौली की शिकायत लेकर किसान जिला गन्ना अधिकारी के कार्यालय आ रहे हैं। डीसीओ यशपाल सिंह ने तौल कांटों की त्रिस्तरीय जांच कराने के लिए कहा है।
जिले की सभी चीनी मिलों में पेराई शुरू हो गई है, इसके साथ ही गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली की शिकायत मिलने लगी हैं। किसान तौल कांटों में बैलेंस की शिकायत डीसीओ दफ्तर आकर कर रहे हैं। गन्ना विभाग ने अब तक दर्जनों शिकायत मिलने की पुष्टि की है। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि तौल कांटों की शिकायत लेकर किसान उनसे भी मिले हैं। सेंटरों पर घटतौली नहीं होने दी जाएगी। सेंटरों और मिल गेट के कांटों की त्रिस्तरीय जांच होगी। पहले चरण में वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक कांटों की जांच करेंगे। दूसरे चरण में टीम बनाकर कांटों की क्रॉस जांच होगी। तीसरे चरण में एसडीएम जांच करेंगे। यदि कहीं गड़बड़ी मिली तो तौल इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई होगी। गड़बड़ी के लिए समिति सचिव, एससीडीआई को भी जिम्मेदार माना जाएगा। इस बारे में गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई की बैठक बुलाई जा रही है। डीसीओ के अनुसार जिले में 48 गन्ना पर्यवेक्षकों ने कार्य भार ग्रहण कर लिया है। इनमें एक महिला है। नवनियुक्त पर्यवेक्षकों को नियमित जिम्मेदारियों के साथ सेंटरों पर घटतौली की शिकायतों की सूचना देने में लगाया जाएगा।