15 तक चीनी मिल नहीं चली तो होगा आंदोलन
हल्दौर। भाकियू की मासिक पंचायत में चांदपुर और बिजनौर की चीनी 15 नवंबर तक नहीं चलाने पर चांदपुर विधायक और जिला मुख्यालय पर गन्ना भरने की चेतावनी दी गई। इस संबंध में किसानों ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत का आयोजन हुआ। जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि चांदपुर, बिजनौर की चीनी मिलें चलाने में शासन प्रशासन की ओर से हीलाहवाली की जा रही है। चेतावनी दी गई कि 15 नवंबर तक पेराई सत्र शुरू नहीं कराया गया तो किसान अपना गन्ना चांदपुर विधायक कमलेश सैनी के घर और जिला मुख्यालय पर भर देंगे। साथ ही धामपुर चीनी मिल के 69 क्रय केंद्रों पर 14 नवंबर तक तौल शुरू नहीं हुई तो नहटौर विधायक के कार्यालय को गन्ने से भर दिया जाएगा। किसानों ने मिल द्वारा 14 दिन के भीतर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करने समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद किसान थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष दिगंबर से विरुद्ध षड्यंत्र रचकर झूठे प्रचार व पर्चे बंटवाकर उनकी छवि को धूमिल करने के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद कुमार, धर्मेंद्र राणा, जितेंद्र कुमार, रघुनाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, गजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।