नजीबाबाद/भागूवाला। पहाड़ों पर वर्षा होने से क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोग चिंतित हैं। मालन नदी और कोटावाली का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से कछियाना क्षेत्र के सब्जी कारोबारी परेशान हैं। उधर, कोटावाला के रपटा क्षेत्र में दो बार पानी आ जाने से भारी वाहनों का यातायात प्रभावित हुआ है। पहाड़ों पर वर्षा होने से मालन नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों से काफी बढ़ा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बड़िया में कारसेवा से बने पुल के आसपास मालन नदी ने कटान किया। क्षेत्र में कृषि की भूमि भी जलस्तर बढ़ने से आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। नजीबाबाद के कछियाना क्षेत्र में मालन नदी के आसपास सब्जी की खेती की जाती है। नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में मिट्टी का कटान हुआ और कुछ स्थानों पर सब्जी की फसल भी प्रभावित हुई है।