नजीबाबाद (बिजनौर)। डबल फाटक फ्लाईओवर पर कदम कदम पर खतरा है। दरअसल, फ्लाईओवर पर लगाई गईं कैट आई में लगीं कीले एक से दो इंच तक बाहर निकल चुकी हैं। टायरों की ठोकर से ब्लेड के रूप में तब्दील हो चुकी हैं। अभी तक पथ प्रकाश की व्यवस्था न होने पर रात में स्थिति और भी चिंताजनक है।
नजीबाबाद शहर की आबादी के बीच डबल फाटक पर बने फ्लाईओवर से 15 जनवरी को आवागमन शुरू कर दिया गया। मगर, फ्लाईओवर पर आज तक पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं की गई है। अब राहगीरों के सामने एक और विकट समस्या खड़ी हो गई है। फ्लाईओवर पर इसी माह बीच सड़क में कैट आई लगाई गई हैं। डिवाइडर के दोनों ओर मार्ग पर लगाई गईं इन कैट आई में लगीं पेंचनुमा कीलें बाहर निकल आईं हैं। सड़क से करीब एक से दो इंच तक बाहर निकलीं कई कीलों के कैप वाहनों के टायरों की चोट से ब्लेड का रूप ले चुके हैं। कीलों के ऊपर तेजी से गुजरने वाले हल्के वाहनों बाइक, स्कूटी, ई-रिक्शा, कार आदि का टायर फटने के साथ गंभीर हादसे की आशंका बनी है। फ्लाईओवर पर कदम कदम पर कीले लगी होने और रात में लाइट की व्यवस्था न होने से राहगीरों को एक एक कदम फूंक-फूंककर रखने की जरूरत है।
इस संबंध में राज्य सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने कैट आई से पेंचनुमा कीलें बाहर निकलने की समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से इसमें सुधार कराने की बात कही। फ्लाईओवर पर पथ प्रकाश व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि गाजियाबाद की मेकेनिकल टीम ने काम लगभग पूरा कर लिया है। बिजली की व्यवस्था नगरपालिका के हैंडओवर कर दी जाएगी। इसका संचालन नगरपालिका परिषद द्वारा ही किया जाएगा।