नजीबाबाद । गेहूं बीज के दाम घटने और अनुदान बढ़ने से किसानों का रुझान एक बार फिर गेहूं की बुआई की ओर हुआ है। किसानों की ओर से महज एक माह के भीतर 300 क्विंटल बीज की खरीद कर ली गई।
कृषि विभाग नजीबाबाद को मिले गेहूं बीज की बिक्री 15 अक्तूबर से शुरू कर दी गई थी। विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ करनपाल सिंह ने बताया कि विभाग को 250 क्विंटल प्रमाणित बीज और 150 क्विंटल आधारीय बीज की आपूर्ति हुई थी। 31 दिसंबर तक समस्त बीज की बिक्री कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इस बार गेहूं बुआई के प्रति किसानों में खासी रुचि नजर आई है। उन्होंने बताया कि 15 अक्तूबर से 15 नवंबर तक महज एक माह के भीतर ही कुल 300 क्विंटल गेहूं बीज की किसानों द्वारा खरीद कर ली गई। पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार जहां गेहूं बीज खरीद पर अनुदान बढ़ाया गया, वहीं गेहूं बीज के दाम कम किए गए। वर्ष 2016 में गेहूं बीज पर अनुदान 1,400 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़ाकर 1,600 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। वर्ष 2016 में प्रमाणित बीज का दाम 3,250 रुपये प्रति क्विंटल था, जो इस बार 3,100 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। पहले आधारीय बीज का दाम 3,450 रुपये प्रति क्विंटल था, इस बार 3,350 रुपये क्विंटल निर्धारित किया गया।
छोटे किसान मिलकर खरीद सकेंगे गेहूं बीज
नजीबाबाद। गेहूं बीज का 40 किलोग्राम की पैकिंग बीज गोदाम पर भेजी गई। एक एकड़ पर 40 किलोग्राम बीज की आवश्यकता को मानक माना गया है। एक एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को बीज न मिल पाने की आशंका के चलते दो छोटे किसानों को मिलकर गेहूं बीज की पैकिंग खरीद की सुविधा दी गई है।