परिजनों को सौंपा नशे में धुत युवक
मंडावर। गांव गड़ाना निवासी एक युवक बुधवार को गाड़ी से अपनी मंडावर के एक गांव स्थित ससुराल जा रहा था। शराब के नशे में धुत होने के कारण युवक ने अपनी गाड़ी रास्ते में पड़ने वाली नहर के पास रोक ली। वह गाड़ी के अंदर ही बेहोश हो गया। राहगीरों ने काफी देर तक गाड़ी खड़ी रहने पर पुलिस को सूचना दी। एसओ जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को गाड़ी से निकालकर अपनी जीप में बैठाकर ले गए। युवक का प्राथमिक उपचार कराया। युवक के परिजनों को भी थाने में बुलाया। युवक ने होश में आने पर अपने गले से सोने की चेन गायब होने की बात कही तो एसओ ने अपनी जीप में चेन तलाश की। जीप से चेन मिलने पर युवक के परिजनों को सौंप दी।
पुरस्कार के लिए आवेदन करें
बिजनौर। मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रदेश के एक निवासी को गुरु गोविंद सिंह जयंती पर पांच जनवरी को गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र मिलेगा। सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार पुरस्कार पाने योग्य व्यक्ति एसडीएम कार्यालयों में 20 अगस्त तक आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया
बिजनौर। वसुंधरा विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद वर्मा पत्नी नरेश कुमार ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उनका कोतवालीदेहात थाने के गांव पीपलसाना निवासी देवेंद्र, हेमेंद्र, उनके पिता ओमप्रकाश से विवाद चल रहा है। बुधवार रात वह नूरपुर मार्ग स्थित अपने बैंक्वेट हॉल में गई थीं। वहां से लौटते समय तीनों ने उन्हें जान से मारने के लिए उनकी गाड़ी पर फायरिंग की और फरार हो गए।