जनता के हित के लिए चलाएंगे कलम और लठ : लोकेंद्र
बिजनौर।
नूरपुर से भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान ने एसीएमओ डॉ. रोहताश सिंह पर एएनएम से स्थानांतरण के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने के आरोप का मामला विधानसभा में उठाने की घोषणा की है। उनका कहना है कि अधिकारी जनता और कार्यकर्ताओं की अनदेखी करेंगे तो कलम और लठ दोनों चलाए जाएंगे।
नूरपुर क्षेत्र की एक एएनएम ने स्थानांतरण के लिए एसीएमओ डॉ. रोहताश सिंह पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इस मामले में विधायक लोकेंद्र चौहान ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय जाकर हंगामा किया था। सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल ने एएनएम का ट्रांसफर कर दिया था। विधायक लोकेंद्र चौहान का कहना है कि अधिकारी अब भी सपा सरकार की मानसिकता के साथ काम कर रहे हैं। उन्हें कार्यशैली सुधारनी होगी। जनता व कार्यकर्ताओं की न सुनने वालों को वे जिले में नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी जनता या कार्यकर्ताओं की समस्या नहीं सुन रहा है तो इसकी शिकायत उनसे की जाए।