बिजनौर। जिले की 22 स्वास्थ्य इकाईयों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया। स्वास्थ्य इकाईयों पर 1850 गर्भवती महिलाओं की खून की जांच, हीमोग्लोबिन, पेशाब की जांच, एचआईवी और सिफलिस आदि जांचे की गई। सभी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया गया।
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता शमीम अहमद ने बताया कि जच्चा-बच्चा को सुरक्षित बनाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी फारूख अजीज ने बताया कि अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं की प्रसव से पूर्व होने वाली सभी जांच कराई जा रही हैं। एसीएमओ डॉ. पीके गुप्ता ने बताया कि हर माह की नौ तारीख को स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष आयोजन होता है।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने बताया कि योजना का उद्देश्य हर गर्भवती व धात्री महिला तक आयरन, कैल्शियम, एलबेंडाजॉल व फॉलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराना है। गर्भवतियों में इन दवाओं को लेकर फैली भ्रांतियों व मिथकों को दूर करना और समय से दवा के सेवन को लेकर जागरूक करना है।