नहीं रहे पोस्टमार्टम करने वाले सीताराम
बिजनौर। जिले में पोस्टमार्टम करने वाले सीताराम का निधन हो गया। मूलरूप से कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांव सिरधनी निवासी सीताराम (60) करीब 38 वर्षों से पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात थे। 31 अगस्त को उनका रिटायरमेंट होना था। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की तड़के लगभग चार बजे अचानक उनकी छाती में दर्द होने लगा। परिजनों ने उन्हें पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, वहां पर उपचार के दौरान सीताराम ने दम तोड़ दिया। फिलहाल वे पिछले कई वर्षों से परिवार सहित पुलिस लाइन में रहते थे। परिजनों के अनुसार उन्होंने अपने सेवाकाल में सैकड़ों पोस्टमार्टम किए। सीताराम के एक पुत्र और एक पुत्री है, दोनों विवाहित हैं। पुत्र भीष्म पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, जबकि पुत्री कृष्णा जिला अस्पताल में स्वच्छक है। बृहस्पतिवार को गंगा बैराज पर सीताराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।