गांव जैतरा के पास बिजली के खंभे से टकराया ट्रक
धामपुर। नूरपुर मार्ग पर गांव जैतरा स्थित टेपों यूनियन के पास गन्ने से लदे ट्रक की बिजली के हाईटेंशन लोहे के खंभे से टक्कर होने से बिजली का खंभा तिरछा गया। अच्छा रहा कि हादसे के दौरान बिजली आपूर्ति ठप थी। लोगों का आरोप है कि उनके द्वारा रात में ही विद्युत निगम के अधिकारियों को अवगत करा दिया था, पर विडंबना है कि मंगलवार की शाम तक निगम के अधिकारियों से तिरछे बिजली के खंभे को सीधा कर बिजली आपूर्ति को सुचारु नहीं किया था, जिससे ग्रामीणों में असंतोष है।
गांव जैतरा के मूलचंद सिंह, करन सिंह, घनश्याम सिंह ने बताया कि जब सोमवार देर शाम गन्ने से लदा ट्रक शुगर मिल जा रहा था तो इस दौरान ट्रक यूनियन कार्यालय के खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा तिरछा हो गया था। बिजली के तार टूट कर जमीन पर गिर गए। ट्रक की हाईटेंशन बिजली के खंभे से टक्कर होती उन्हें पसीना छूट गया। खंभे के तिरछा होने के बाद ट्रक मिल के लिए चला गया। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक क्षेत्र की बिजली पूरी तरह से गुल होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। घटना के समय आसपास के दुकानदारों व लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि घटना की सूचना बिजली विभाग को दे गई थी। सूचना मिलते ही बिजली निगम के कर्मचारियों ने तत्काल बिजली को काट कर लाइन को बंद करा दिया गया था। एक्सईएन वीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आने के बाद समस्या का निदान कराने का प्रयास किया जा रहा है।