ढबारसी। चन्दनकोटा गांव में सुमन देवी की हत्या गला घोंटकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो गई है। तांत्रिक ने हत्या कर सुमन का शव घर के पिछले दरवाजे से जंगल में फेंक दिया था। सुमन देवी के बेटे ने गांव के ही एक तांत्रिक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शनिवार की देर शाम सुमन देवी के बेटे अतुल की तहरीर पर पुलिस ने तांत्रिक करन सिंह निवासी चंदनकोटा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार की सुबह सुमन देवी पत्नी ब्रजपाल (40) का शव घर के पीछे गन्ने के खेत में मिला था। पीछे का दरवाजा भी खुले हुए था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे सुमन देवी की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। सुमन का पति लगभग आठ वर्ष से लापता है। वहीं बड़ा बेेटा अतुल हरियाणा के रोहतक मे मिठाई की दुकान पर नौकरी करता है। मां की मौत की सूचना पर अतुल देरशाम अपने गांव चन्दनकोटा पहुंचा। उसने अपने बहन भाइयों से मां की मौत की जानकारी की। तहरीर में बताया गया कि करीब डेढ़ साल पहले अतुल के शरीर पर जगह जगह फफोले पड़ गए थे। जिस पर सुमन देवी अतुल को पास के तांत्रिक के पास ले गई। तांत्रिक ने तंत्र क्रिया करते हुए कुछ दवाइयां भी दी। सप्ताह के भीतर ही आराम मिल गया। इसके बाद तांत्रिक का सुमन देवी के घर आना जाना शुरू हो गया। उसने सुमन देवी को अपनी तंत्र क्रिया के जाल में फंसा लिया। आरोप है कि 25 अगस्त की रात 12 बजे तांत्रिक सुमनदेवी के घर पहुंचा। सुमन की बड़ी बेटी प्रीति ने दरवाजा खोला। रात करीब डेढ़ बजे प्रीति की आंख खुली तो तांत्रिक और उसकी मां में जोरदार बहस हो रही थी लेकिन प्रीति यह सोचकर सो गई इनमें तो बहस होती रहती है। सुबह करीब चार बजे जब सुमन देवी की चीख निकली तो प्रीति ने उठकर देखा। तांत्रिक ने उसकी मां के गले में दुपट्टे का फंदा लगाया हुआ और घर के पीछे का दरवाजा खोलकर गन्ने के खेत में फेंक दिया। प्रीति व अन्य भाई बहनों को धमकी दी कि अगर किसी ने इस घटना के बारे मे बताने की कोशिश की तो उसका भी यही हाल होगा। आदमपुर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर तांत्रिक करन सिंह के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।