लगातार बढ़ रहा जल स्तर, गंगा की धार सड़क के पार
जलीलपुर। गंगा खादर के अधिकांश गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। किसानों की हजारों बीघा जमीन में खड़ी फसलें जलमग्न हैं। लगातार जल स्तर बढ़ने से गंगा का पानी मकानों और स्कूल तक पहुंच गया। नारनौर से दत्तियाना तक सड़क पर एक फीट से तीन फीट पानी बह रहा है।
क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से बारिश न पड़ने के बावजूद गंगा खादर क्षेत्र के गांवों में बसे ग्रामीणों की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार रात में गंगा का जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ जो लगातार बढ़ रहा है। सोमवार सुबह से ही नारनौर से दत्तियाना तक सड़क पर एक से तीन फीट तक गंगा नदी का पानी बह रहा है। सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों से करीब एक दर्जन स्कूल वाहन बच्चों को लेकर आते जाते हैं। दोपहर मे बच्चों को घर छोड़ने जाते समय एक स्कूल बस का पहिया गहरे गड्ढे मे गिर गया। उसे बमुश्किल निकाला गया। गांव सलेमपुर खादर, मीरापुर सीकरी, रायपुर खादर, नारनौर, दत्तियाना, सुजातपुर खादर आदि के जंगल मे पिछले कई दिनों से हजारों बीघा कृषि भूमि में खड़ी फसलें जलमग्न हैं। किसानों के सामने पशुओं के लिए चारा लाना समस्या बना हुआ है। गांव दत्तियाना में पूर्व माध्यमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के चारों तरफ पानी भरा है।