बिजनौर। एक बाइक पर सवार चार युवक बोलेरो कार की चपेट में आ गए। हादसे में एक ही गांव के दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से एक को मेरठ रेफर किया गया है।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव रेहड़वा निवासी अमित (25), शिवम (24) और अलीदादपुर थाना नगीना निवासी सोनू (27), सतनाम (22) शुक्रवार को बाइक से बिजनौर से गांव रेहड़वा जा रहे थे। विवेक कॉलेज के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बोलेरो कार से टकरा गई। हादसे में सतनाम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शुभम, अमित और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचित कर सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक उपचार देने के बाद शिवम को मेरठ रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर चार युवक सवार थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। युवकों ने हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी। पुलिस के मुताबिक युवकों के परिजनों की ओर से तहरीर दे दी गई है।
ससुराल घूमने आया था सोनू
सोनू गांव रेहड़वा स्थित अपनी ससुराल में आया हुआ था। उसे क्या पता था कि अब वह कभी घर नहीं लौटेगा। रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है। सोनू अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियों और अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया। अमित विवेक कॉलेज का बीए एलएलबी का छात्र है। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी ढाई माह पूर्व ही हुई है। चिकित्सकों के अनुसार अमित की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यातायात जागरूकता सप्ताह बेअसर
एक सप्ताह तक लगातार परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए जागरूक किया। इसके बावजूद लोग यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और अपनी ही जान के दुश्मन बने हुए हैं। जागरूकता से ही सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोका जा सकता है।