अफजलगढ़। गांव अगवानपुर के निकट बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। बेटे की आकस्मिक मृत्यु से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
गांव सलावतनगर निवासी फैय्याज खान ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र मुमताज खान कपड़े की फेरी कर परिवार का पेट पार्जन करता था। वह शनिवार की शाम कादराबाद में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से कपड़ा बेचकर बाइक से घर लौट रहा था। जब वह नैनीताल कान्वेंट स्कूल के समीप पहुंचा तो उसकी बाइक में सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में मुमताज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रास्ते में जाते उसकी मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक तीन भाई व तीन बहने हैं। दो बहने शादी योग्य हैं। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि जांच कर आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।