होलिका दहन स्थल पर अवैध निर्माण
नजीबाबाद। जटपुराबौंडा के ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर ग्राम समाज की उस भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप लगाया है, जिस पर वे दशकों से होलिका दहन करते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने राजस्व कर्मियों पर प्रशासन को सही रिपोर्ट न देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
शुक्रवार को गांव जटपुराबौंडा के ग्रामीण लाल सिंह, ध्यान सिंह, मान सिंह, छोटे सिंह, सुनील कुमार, राम सिंह, अंकित कुमार, सुमेर सिंह, घसीटा सिंह, रोहताश सिंह, सत्यपाल सिंह, अमित कुमार एसडीएम से मिले। ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि गांव में ग्राम समाज की भूमि पर वे बीते कई दशकों से परंपरागत ढंग से होलिका दहन करते आ रहे हैं। उसी स्थान पर प्रोजेक्टर पर रामलीला भी दिखाई जाती है। गांव के ही कुछ लोग ग्राम समाज की भूमि पर होलिका दहन स्थल क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस बाबत शिकायत की गई, तो कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव पहुंचकर स्थिति तो देेखी, लेकिन प्रशासन को गलत रिपोर्ट देकर गुमराह किया। जिसके चलते ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण निरंतर जारी है। जबकि उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाने के लिए न्यायालय से स्टे भी ले लिया है। ग्रामीणों ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन से निर्माण कार्य रुकवाने और गुमराह करने वाले राजस्व कर्मियों के कार्य की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। उधर, लेेखपाल विकास कुमार ने आरोप को गलत बताकर सही जांच रिपोर्ट प्रशासन को देने की बात कही।