180 करोड़ की परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
बिजनौर। उत्तरप्रदेश की स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 24 जनवरी को आयोजित समारोह में 180 करोड़ की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास होगा। जिले में राजकीय बीज गोदामों की लंबे समय से की जा रही मांग भी 24 जनवरी को पूरी हो जाएगी।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार 24 जनवरी को प्रदेश के स्थापना दिवस पर इंदिरा बाल भवन में समारोह है। इस मौके पर 180 करोड़ की 63 परियोजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में 166 आंगनबाड़ी केंद्र बन रहे हैं। इनमें 22 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन केंद्र को ग्रामीणों को समर्पित किया जाएगा। जिले में कोई बड़ा बीज गोदाम नही था। शासन ने 80-80 लाख की लागत से दो राजकीय बीज गोदाम के निर्माण को मंजूरी दी थी। दोनों बीज गोदाम का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 24 जनवरी को दोनों बीज गोदामों का लोकार्पण होगा। ग्रामीण क्षेत्रों समेत नगरपालिका, नगरपंचायतों में सड़क और अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण होगा। समारोह में जिले के सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।