नजीबाबाद । छोटी उम्र में देश की संस्कृति और संगीत को विदेशों में प्रसारित करने की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद नजीबाबाद पहुंचे दो युवा कलाकारों का स्वागत किया गया।
आकाशवाणी नजीबाबाद के संगीत कलाकार सनव्वर अली के आवास पर पहुंचे युवा तबला वादक शाहरुख अहमद और वॉयलिन कलाकार शाहबाज अहमद का स्वागत किया गया। मुजफ्फरनगर निवासी सरफराज अहमद का पुत्र शाहरुख दिल्ली यूनिवर्सिटी में संगीत की शिक्षा ले रहा है। संगीत में डॉक्ट्रेट की उपाधि लेने का लक्ष्य बनाने वाला शाहरुख संगीत नाटक एकेडमी उत्तर प्रदेश की ओर से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सोलो तबला वादन में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुका है। उस्ताद बिस्मिल्ला खां के भतीजे उस्ताद अली अब्बास के साथ तबले पर संगत दे चुका है। वहीं, वॉयलिन वोकल म्यूजिक में धाक जमाने वाले शाहबाज ने रेडियो आर्टिस्ट के रूप में अपनी पहचान बनाई है। शास्त्रीय संगीत के सुप्रसिद्घ उस्ताद अफजाल अहमद के साथ तानपुरा बजा चुके शाहबाज और तबला वादक शाहरुख को मशहूर गजल गायक जावेद हुसैन ने भारतीय संस्कृति और संगीत को विदेश में प्रसारित करने के लिए विदेश भेजने का न्यौता दिया है। दोनों युवा कलाकारों ने जल्द ही विदेश जाने का मन बनाया है। शायर महेंद्र अश्क और सनव्वर अली खां ने युवा कलाकारों की पीठ थपथपाई।