बिजनौर। भाजपा नेता व एआरएम में रास्ते के विवाद को लेकर रार अब खुलकर सामने आने लगी है। भाजपा नेता ने बंद रास्ते को खुलवाने के लिए एआरएम की उच्च अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिकायत करने की बात कही है।
बिजनौर में रोडवेज स्टेशन में नया भवन बनने के साथ-साथ जाम को देखते हुए एआरएम ने टेलीफोन एक्सचेंज के सामना का रास्ता बंद करा दिया गया था। एआरएम के मुताबिक रास्ता बंद नहीं होने पर बस निकालते समय जीजीआईसी व केपीएम स्कूल की छुट्टी होने पर जाम लगता था और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही रास्ता खुला होने पर स्टेशन के अंदर कई बार राहगीरों बसों की चपेट में आकर घायल हो जाते थे। एआरएम ने भाजपा नेताओं पर बंद रास्ते को खुलवाने का आरोप भी लगाया था। इसको लेकर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री विकास अग्रवाल व एआरएम वीके मौर्य आमने-सामने हो गए हैं। भाजपा नेता विकास अग्रवाल का कहना है कि टैक्सी स्टेंड की ओर निगम अधिकारियों ने बस निकलने का मात्र एक रास्ता बनाया है। इसके कारण उधर जाम लग जाता है। अगर एक्सचेंज का रास्ता खोल दिया जाए और उधर से पहले की तरह दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर आदि की बसें निकाली जाएं तो टैक्सी स्टेंड की ओर जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि उधर कई चिकित्सकों के क्लीनिक भी है तेज हॉर्न के कारण वहा मौजूद मरीजों को भी काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि जब उनके द्वारा डीएम जगतराज को मामले से अवगत कराया गया तो डीएम ने भी एआरएम वीके मौर्य को रास्ता खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ। विकास अग्रवाल ने बताया कि अगर एआरएम अपनी हटधर्मिता से बाज नहीं आए तो उन्हें उच्च अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री से भी शिकायत की जाएगी।