नारंगपुर से कस्बा जोया तक के भवनों पर निशान लगने के बाद चिंता में आए लोग
अमर उजाला ब्यूरो
जोया।
राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे मकान और दुकानों पर बुल्डोजर चलेगा॥। इसके लिए प्राधिकरण ने मकान और दुकानों पर लाल रंग के निशान लगाए हैं। प्राधिकरण ने नारंगपुर चौराहे से कस्बा जोया के पेट्रोल पंप तक तकरीबन 200 से अधिक भवन पर यह निशान लगाए हैं। वहीं, प्राधिकरण की इस कार्रवाई से लोगों में खलबली मच गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को फोरलेन की बजाय सिक्सलेन बनाने की कार्रवाई में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी जुटे हैं। अधिकारी आठ लेन की जमीन का अधिग्रहण कर रहे हैं। निर्माण कार्य में दो भागों में दिल्ली से मुरादाबाद तक काम होगा। इसमें पहले दिल्ली से हापुड़ और बाद में हापुड़ से मुरादाबाद तक कार्य किया जाएगा। राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान तमाम भवन बाधा बन रहे हैं, जिन पर बुल्डोजर चलाने की तैयारी प्राधिकरण ने की है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से सबसे ज्यादा जोया वासी परेशान हैं। वहीं, परेशान लोग इस मसले को लेकर वह प्राधिकरण के अधिकारी से लेकर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान तक से मिल चुके हैं। अधिकारियों से भले ही उनको संतोषजनक जवाब नहीं मिला हो। लेकिन, कैबिनेट मंत्री ने सहयोग का भरोसा दिलाया है। सूत्रों पर भरोसा करें, तो अधिकारियोें ने नारंगपुर चौराहे से जोया स्थित पेट्रोल पंप तक बने भवनों पर लाल रंग का निशान लगाया है। इससे साबित हो गया है कि यह मकान और दुकान हाईवे चौड़ीकरण में बाधा हैं, जिन्हें हटवाया जाएगा।
रजबपुर वासी हैं चिंतित
जोया। राजमार्ग किनारे बुल्डोजर कस्बा जोया में ही नहीं, बल्कि रजबपुर में भी चल सकता है। इसको देखते हुए कस्बा वासियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं। यदि यहां पर बुल्डोजर चला, तो सैकड़ों भवन टूटेंगे। हालांकि, प्राधिकरण के अधिकारी हल निकालने में जुटे हैं।
दुकान और मकानों पर निशान प्राधिकरण के अधिकारियों ने लगाया था। साफ हो गया है कि लाल निशान वाले भवन हटाए जाएंगे। रजबपुर के बारे में अभी स्थिति साफ नहीं है।
- योगेश कुमार, अभियंता।