बढ़ापुर। पुलिस ने कच्ची शराब बेचने वाले छह तस्करों को पकड़ा है। उनके पास से पुलिस ने 800 लीटर कच्ची शराब व चार बाइक जब्त की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के मुताबिक सूचना मिली कि रामगंगा नदी खादर क्षेत्र में निर्मित अवैध कच्ची शराब को लेकर तस्कर गांवों में बेचने जा रह हैं। पुलिस टीम गांव मुजफ्फरनगर चौराहे पर पहुंचे ही थे कि ग्राम नकीपुर दिशा से चार बाइकों पर शराब लादकर ला रहे तस्कर पुलिस की गाड़ी को देख अपनी बाइकों की गति तेज कर पास के ग्राम मुजफ्फरनगर में जा घुसे। पुलिस के पीछा करने पर मुजफ्फरनगर के कई ग्रामवासी भी शराब तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम के साथ हो लिए। पुलिस ने ग्रामवासियों के सहयोग से गांव मुजफ्फरनगर से होकर जमालपुर ढ़ीकली की ओर भाग रहे चार बाइकों पर सवार छह लोगों को कच्ची शराब सहित गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शराब तस्करों के कब्जे से प्लास्टिक केन, ट्यूब आदि में भरकर क्षेत्र के गांवों में बिक्री के लिए ले जायी जा रही 800 लीटर अवैध कच्ची शराब व चार बाइक बरामद की। पुलिस ने पकड़े गए ग्राम मदपुरी निवासी गुरमीत, बलविंदर, अमरीक, गुरनाम, अमरीख व जसवंत का आबकारी अधिनियम के तहत चालान किया है। उनके कब्जे से बरामद बाइकों को एमवी एक्ट में सीज कर उनके दस्तावेज की जांच शुरू कर दी है।