रोडवेज बस और कार में भिड़ंत, दो घायल
मंडावली (बिजनौर)।
नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और कार के बीच भिड़ंत में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में भर्ती कराया गया।
बरेली से हरिद्वार जा रही रुहेलखंड डिपो की रोडवेज बस रविवार अपराह्न करीब तीन बजे मंडावली क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने कार एवं रोडवेज बस के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। घायलों की पहचान हल्द्वानी निवासी मनोज कुमार (30) एवं कार चालक फरीदाबाद निवासी अमित कुमार (35) के रूप में हुई। अमित ने बताया कि वे कार से हरिद्वार से हल्द्वानी जा रहे थे। घटना के बाद रोडवेज बस चालक एवं परिचालक घटनास्थल पर बस छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए रोडवेज बस में सवार यात्रियों को अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया।