नजीबाबाद (बिजनौर) (ब्यूरो)। नकाबपोश बदमाशों ने अबोध बालक की गर्दन पर छुरी रखकर उसकी मां से लाखों रुपये के आभूषण और 70 हजार नगदी लूट ली। घनी आबादी के बीच हुई लूट की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है।
नगर के मोहल्ला वाहिदनगर में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निकट घना आबादी क्षेत्र है। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने मुल्ला अनवर के घर को निशाना बनाया। मकान के निचले हिस्से में मुल्ला अनवर, उनकी पत्नी, पुत्री, पुत्रवधू व उसके बच्चे सो रहे थे, जबकि मकान की छत पर दूसरी पुत्रवधू आयशा अपने एक वर्षीय पुत्र अहद के साथ सो रही थी। नकाबपोश बदमाशों ने मकान की छत पर पहुंचकर बंदूक की नोंक पर आयशा को बंधक बना लिया। विरोध कर रही आयशा की पिटाई कर बदमाशों ने उसके हाथ-पांव बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बदमाशों ने आयशा के पुत्र अहद की गर्दन पर छुरी रखकर महिला को आतंकित किया। बदमाशों ने आयशा से सेफ की चाबियां मांगीं। डरी-सहमी आयशा ने बच्चे की जान बख्शने की गुहार करते हुए बदमाशों को सेफ की चाबियां दे दीं। बदमाश सेफ में रखे करीब 15 तोला सोने के आभूषण और 70 हजार रुपये की नगदी लेकर भाग निकले। बदमाशों के भागते ही आयशा का शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों को आयशा ने आपबीती बताई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार, एसआई संजय त्यागी, नरेंद्र शर्मा के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आयशा से घटना के संबंध में जानकारी की। आयशा ने बताया कि उसके पति इत्तहाद उर्फ अच्छन कुवैत में रहकर काम करते हैं। वह अपने पुत्र के साथ अकेली थी। बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया। तीनों बदमाश नकाबपोश थे और उनके पास बंदूकें थीं। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध नजर आ रही है। महिला घटना का समय डेढ़ बजे और बच्चे पांच बजे होना बता रहे हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है, जिसमें रात डेढ़ बजे और सुबह पांच बजे के आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरे में नजर नहीं आया है। बहरहाल महिला की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
नकाबपोश बदमाशों ने लूटे आभूषण और नगदी
महिला को बंधक बनाकर दिया घटना को अंजाम
फोटो - 17एनजेडबी02ए, 02बी