किसानों की महापंचायत स्थगित
बिजनौर। नौ मई को भारतीय किसान यूनियन की धामपुर में होने वाली महापंचायत स्थगित कर दी गई। भाकियू ने यह निर्णय जिला प्रशासन से हुई वार्ता के दौरान सहमति बनने पर लिया। विकास भवन में भाकियू पदाधिकारियों की जिला प्रशासन के साथ वार्ता हुई। इसमें प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ प्रवीण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह, एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, सीओ धामपुर महावीर सिंह आदि अधिकारियों ग्राम गजूपुरा के ग्राम प्रधान अनीस अहमद प्रकरण पर खेद व्यक्त किया। भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि गजूपुरा के ग्राम प्रधान प्रकरण में जिला प्रशासन ने खेद प्रकट करते हुए आश्वासन दिया कि बूथ की गलत रिपोर्ट देने वाले लेखपाल, कानूनगो, ग्राम प्रधान के साथ अकारण मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धामपुर में नौ मई को होने वाली किसानों की महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। इस दौरान भाकियू ने जिला प्रशासन से ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे वापस लेने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में गजूपुरा ग्राम प्रधान अनीस जैदी, मिशाल मेहंदी, प्रदेश महासचिव रामोतार सिंह, संरक्षक विजयपाल सिंह, अतुल कुमार, कुमार विनोद परमार, कुलदीप सिंह, सुरपाल सिंह, महेंद्र सिंह, मोहम्मद सकलैन, सुनील प्रधान आदि रहे।